खैरागढ़. जिले में तेंदुए की लगातार दिखाई दे रही मौजूदगी से लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। खैरागढ़-डोंगरगढ़ मार्ग और साल्हेवारा घाटी के बाद अब छिंदारी बांध क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई दिया है। छिंदारी बांध स्थित छिंदारी रिसॉर्ट के पीछे तेंदुआ नजर आने से इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, रिसॉर्ट के पीछे तेंदुआ दिखाई देने पर वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में उसकी तस्वीरें और वीडियो कैद कर लिए। इसके बाद तेंदुए के दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिले में अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए की मौजूदगी सामने आने से वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर लोगों में सतर्कता बढ़ गई है।
छिंदारी बांध के आसपास कई गांव बसे हुए हैं। ऐसे में रिहायशी इलाकों के नजदीक तेंदुए की मौजूदगी की खबर से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों को आशंका है कि जंगल से निकलकर तेंदुआ आबादी वाले क्षेत्रों की ओर भी आ सकता है।
लगातार अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए के दिखाई देने की घटनाओं के बीच अब छिंदारी बांध क्षेत्र के ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में वन विभाग की सतर्कता, निगरानी और ग्रामीणों को समय रहते जागरूक करना महत्वपूर्ण हो गया है।


