भिलाई. श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एसएसपीयू), भिलाई के इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल एवं पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘मीडिया एंटरप्रेन्योरशिप : टर्निंग आइडिया इन्टू बिजनेस’ विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में नवभारत समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार एवं पर्यावरणविद् रोमशंकर यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. स्मिता सेलट ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. विनय पीतांबरम एवं पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. धनेश जोशी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. स्मिता सेलट ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। डिजिटल तकनीक और सोशल मीडिया ने रोजगार एवं स्वरोजगार की नई संभावनाएं पैदा की हैं। विद्यार्थियों को केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहकर अपने रचनात्मक विचारों को व्यावसायिक स्वरूप देने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए। मीडिया उद्यमिता युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ नए रोजगार के अवसर सृजित करने का सशक्त माध्यम बन सकती है।
मुख्य वक्ता रोमशंकर यादव ने कहा कि वर्तमान दौर मीडिया में तकनीकी बदलाव और नवाचार का है। पारंपरिक पत्रकारिता के साथ डिजिटल मीडिया ने युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अनेक रास्ते खोले हैं। युवा यूट्यूब चैनल, वेब पोर्टल, पॉडकास्ट, डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म, स्वतंत्र पत्रकारिता एवं कंटेंट क्रिएशन के माध्यम से अपने विचारों और रचनात्मक क्षमताओं को व्यवसाय का रूप दे सकते हैं। हालांकि सफल मीडिया उद्यमी बनने के लिए केवल अच्छा विचार पर्याप्त नहीं है। इसके लिए निरंतर प्रयास, नवाचार, तकनीकी ज्ञान, शोध, विषय की समझ और व्यावसायिक दृष्टिकोण भी जरूरी है।
पर्यावरण पत्रकारिता में भी व्यापक संभावनाएं
पर्यावरण पत्रकारिता पर विचार रखते हुए यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई, जैव विविधता, जल संकट, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण वर्तमान समय के महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। इन विषयों को आमजन तक पहुंचाने और पर्यावरण के प्रति सामाजिक चेतना विकसित करने में पत्रकारिता की अहम भूमिका है। पर्यावरण पत्रकारिता केवल समस्याओं को उजागर करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज, शासन और प्रशासन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं जवाबदेह बनाने का प्रयास भी किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को पर्यावरण से जुड़े विषयों पर तथ्यों, वैज्ञानिक जानकारियों और जमीनी रिपोर्टिंग के आधार पर समाचार एवं विश्लेषण प्रस्तुत करना चाहिए। पत्रकारिता के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण एक व्यापक कार्यक्षेत्र है, जिसमें शोधपरक लेखन, डॉक्यूमेंट्री निर्माण, डिजिटल स्टोरीटेलिंग और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य किया जा सकता है।
अपने पत्रकारिता अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मीडिया को केवल व्यवसाय के रूप में नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने के प्रभावी माध्यम के रूप में भी देखा जाना चाहिए। युवा अपनी रुचि, रचनात्मकता और नवाचार के आधार पर मीडिया के क्षेत्र में नए अवसरों का सृजन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के डॉ. नरेश कुमार साहू ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष कुमार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. संजीव कुमार ने किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शोधार्थी एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे। इनमें डॉ. संतोष मिश्रा, डॉ. इरफाना फातिमा खान, डॉ. नीता पाण्डेय, डॉ. रंजना शर्मा, डॉ. वर्षा वर्मा, डॉ. अजय सिंह, रश्मि अग्रहरी, युवराज रावत, हिमांशु गुप्ता एवं श्रुति सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।



