खैरागढ़. देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर खैरागढ़ में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों एवं अन्य लोगों ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान का स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्व. इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और मजबूत नेतृत्व का प्रतीक रहा है। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की एकता, अखंडता और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। देश के प्रति उनका समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता सदैव याद की जाती रहेगी। वक्ताओं ने कहा कि उनके विचार, दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्रहित में किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

इस दौरान जिला अध्यक्ष कोमल दास साहू, शहर अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज, संदीप सिरमौर, रज्जाक खान, भीखम चंद छाजेड़, दीपक देवांगन, शेखर दास वैष्णव, दिलीप लहरे, हिमाचल राजपूत, देवेंद्र तोड़े, पिंटू गुप्ता, हेमदास बंजारे, राधेश्याम यादव एवं कोमल वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने स्व. इंदिरा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों और विचारों पर चलने का संकल्प लिया।



