खैरागढ़. बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में भी पड़ने की आशंका है। इसे देखते हुए प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार शाम से ही प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। अनेक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश भी दर्ज की गई है। चक्रवाती तूफान के प्रभाव से भारी बारिश की आशंका को देखते हुए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 28 अक्टूबर, बुधवार को एक दिन का स्कूल अवकाश घोषित किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए छुट्टी रहेगी। यह आदेश प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर के सभी स्कूलों पर लागू होगा।
प्रशासन ने मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों, तेज बारिश और आवागमन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए एहतियातन यह निर्णय लिया है, ताकि विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। हालांकि, जारी आदेश के अनुसार अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए घोषित किया गया है, शिक्षकों के लिए यह आदेश लागू नहीं होगा।


