खैरागढ़. जिला भाजपा कार्यालय में बुधवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, ओबीसी समाज की भागीदारी बढ़ाने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही आगामी विधानसभा एवं नगरीय निकाय चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय होने का आह्वान किया गया।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे दुर्ग संभाग भाजपा ओबीसी मोर्चा प्रभारी राजेन्द्र जायसवाल ने कहा कि किसी भी विधानसभा क्षेत्र में अपनी पार्टी का विधायक होना संगठन और क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। विधानसभा में पार्टी का प्रतिनिधित्व नहीं होने पर कई स्तरों पर कमी महसूस होती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का विधायक बनाना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा।

उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ओबीसी समाज सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों के हित में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। सरगुजा संभाग का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां किसान लगातार आगे बढ़ रहे हैं और कृषि क्षेत्र में प्रगति कर रहे हैं। इसी तरह खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भी किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में प्रयास होने चाहिए। उन्होंने कहा कि 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को भी अंतर की राशि देने की सरकार की घोषणा किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाती है।
विक्रांत सिंह ने गिनाए किसान हितैषी फैसले
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि भाजपा ओबीसी मोर्चा संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समाज और पार्टी के बीच सक्रिय भूमिका निभा रहा है। प्रदेश सरकार किसानों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार निर्णय ले रही है। 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को भी अंतर की राशि देने की घोषणा बड़ी राहत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रियता से काम करने की अपील की।
हर कार्यकर्ता का अपना महत्व, भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी : तुलसी साहू
दुर्ग संभाग भाजपा सहप्रभारी तुलसी साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। पार्टी में लगातार संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महान नेताओं ने मानव मूल्यों, राष्ट्रहित और समाज कल्याण को सर्वोपरि रखा। उन्हीं विचारों और सिद्धांतों के आधार पर भाजपा आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। उन्होंने आगामी खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव में कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता निभाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
समाज के बीच पहुंचकर योजनाओं का प्रचार करें कार्यकर्ता : राजकुमार जंघेल
भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष राजकुमार जंघेल ने स्वागत भाषण देते हुए बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि परिचयात्मक बैठक का उद्देश्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच आपसी परिचय, समन्वय और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना है। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के मार्गदर्शन में विकास एवं जनहित के कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार की कृषक उन्नति योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इस वर्ष किसानों के हित में योजना का विस्तार किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं से समाज के बीच पहुंचकर योजनाओं की जानकारी देने और संगठन की विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा निर्मला यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। भाजपा नेता राजकुमार सोनी एवं मनोहर साहू की विशेष उपस्थिति रही। वहीं गणेश वर्मा, दीनदयाल सिन्हा और अशोक पाल ने भी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में खम्हन ताम्रकार, लेखराम साहू, गोरेलाल वर्मा, देवकुमार सेन, ललित चोपड़ा, दुष्यंत जंघेल, आलोक श्रीवास, आनंद पटेल, शशांक ताम्रकार, हर्षवर्धन वर्मा, ऋषि सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में संगठनात्मक एकजुटता, सामाजिक सहभागिता और आगामी चुनावों में भाजपा को मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया गया।



