खैरागढ़. कर्मचारियों एवं अधिकारियों की लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला KCG के तत्वावधान में 18 नवंबर को खैरागढ़ में हुंकार रैली का आयोजन किया जाएगा। फेडरेशन के जिलाध्यक्ष प्रखर शरण सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस रैली के माध्यम से आंदोलनरत पटवारी साथियों के समर्थन सहित कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को शासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।
फेडरेशन की प्रमुख मांग है कि आंदोलनरत पटवारी साथियों के विरुद्ध की गई समस्त दंडात्मक कार्रवाइयों को तत्काल निरस्त किया जाए तथा उनकी जायज मांगों का शीघ्र निराकरण किया जाए। इनमें वेतन विसंगति दूर करने, पदोन्नति सहित अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की मांग शामिल है। इसके अलावा केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता (DA) प्रदान करने तथा देय तिथि से एरियर्स की राशि का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी रैली के माध्यम से उठाई जाएगी।
फेडरेशन ने जिले के समस्त कर्मचारी-अधिकारियों से एकजुट होकर हुंकार रैली में शामिल होने और इसे सफल बनाने की अपील की है।
यहां से निकलेगी रैली: हुंकार रैली 18 नवंबर को दोपहर 1 से 2 बजे तक धरना स्थल इतवारी बाजार खैरागढ़ से प्रारंभ होकर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचेगी। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन जिला KCG ने अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की है।



