खैरागढ़. स्वर्गीय विजय लाल चोपड़ा शासकीय हाई स्कूल, अमलीपारा खैरागढ़ में बुधवार को प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य बाल मेले का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने न केवल विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए, बल्कि स्वयं दुकानों का संचालन कर व्यावहारिक ज्ञान और व्यवसायिक गतिविधियों का अनुभव भी प्राप्त किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी सुभाष चावड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता याहिया नियाजी ने की, जबकि अरविंद वर्मा एवं राहुल वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। संस्था के प्रभारी प्राचार्य आई.पी. ठाकुर ने अतिथियों का स्वागत किया। संस्था के प्राचार्य सुनील कुमार गुणी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

बाल मेले में पूर्व माध्यमिक एवं हाई स्कूल विभाग के विद्यार्थियों द्वारा कुल 15 स्टॉल लगाए गए। इनमें गुपचुप, पानीपुरी, भेल, चाउमीन, मोमोज, अप्पे और अमरूद सहित विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं। विद्यार्थियों ने स्वयं अपने स्टॉल का संचालन करते हुए खरीदारी और बिक्री के माध्यम से व्यवसाय की बारीकियों का अनुभव प्राप्त किया।


वहीं माध्यमिक विभाग के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे विद्यालय परिसर में मेले जैसा माहौल बना रहा और विद्यार्थियों के साथ उपस्थित लोगों ने भी आयोजन का आनंद लिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता अरविंद कुमार बंजारे ने किया तथा अंत में प्रभारी प्राचार्य आई.पी. ठाकुर ने आभार व्यक्त किया।

आयोजन को सफल बनाने में गणित व्याख्याता आशिफ खान, विज्ञान व्याख्याता लता राजपूत, अंग्रेजी व्याख्याता खिलेश कुमार साहू, माध्यमिक शाला की प्रधान पाठक गीता यादव, जयलक्ष्मी सिंह, मौसमी सिंह, जागृति पाण्डेय एवं सी.एल. साहू सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा।
बाल मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता, आपसी सहयोग, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक ज्ञान सीखने का अवसर मिला। उत्साह एवं उल्लास के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।



