खैरागढ़. नगरीय निकाय चुनाव की आहट के साथ ही खैरागढ़ नगर पालिका क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। विभिन्न वार्डों में संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी सामने आने लगी है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 17 (दाऊचौरा) से केसर सेन की पार्षद पद के लिए दावेदारी ने स्थानीय राजनीतिक माहौल में हलचल बढ़ा दी है। उनकी दावेदारी को लेकर वार्ड में उत्साह का माहौल है और स्थानीय स्तर पर उनके समर्थन को लेकर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
केसर सेन और उनके पुत्र मनोहर सेन की वार्ड में मिलनसार व्यवहार, सहज स्वभाव और लोगों से सीधे जुड़ाव के चलते अलग पहचान बताई जाती है। स्थानीय लोगों के साथ उनके पारिवारिक एवं सामाजिक संबंध लंबे समय से रहे हैं। वार्डवासियों के सुख-दुख में सहभागिता, आपसी मेलजोल और सामाजिक गतिविधियों में जुड़ाव उनकी पहचान का हिस्सा माना जाता है। यही वजह है कि केसर सेन की दावेदारी सामने आने के बाद वार्ड में इसे लेकर विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।
गौरतलब है कि केसर सेन वर्तमान जिला कांग्रेस प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी मनोहर सेन की माता हैं। मनोहर सेन लंबे समय से कांग्रेस संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए सक्रिय भूमिका में रहे हैं। वे पूर्व में शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस कमेटी के जिला प्रवक्ता, युवा कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष तथा युवा कांग्रेस जिला सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष जैसे पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्तमान में वे जिला कांग्रेस कमेटी में जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी के रूप में संगठनात्मक दायित्व संभाल रहे हैं।
एक ओर मनोहर सेन की संगठनात्मक सक्रियता और राजनीतिक अनुभव है, तो दूसरी ओर केसर सेन की स्थानीय सामाजिक पहचान और वार्डवासियों से व्यक्तिगत जुड़ाव। इन दोनों पहलुओं के चलते वार्ड क्रमांक 17 की यह दावेदारी अब राजनीतिक चर्चा का विषय बनती जा रही है।
हालांकि कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रत्याशी चयन को लेकर अंतिम निर्णय होना बाकी है, लेकिन वार्ड में अभी से दिखाई देने वाली चुनावी हलचल ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। अब निगाहें कांग्रेस के प्रत्याशी चयन पर टिकी हैं कि पार्टी स्थानीय जनसंपर्क, सामाजिक समीकरण और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को कितना महत्व देती है।



