खैरागढ़. जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र कुमार देवांगन की अध्यक्षता में 77 प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासकीय विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, विभागीय योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने विशेष कार्ययोजना
जिला शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए विषयवार कार्ययोजना बनाने, कमजोर विद्यार्थियों की पहचान करने और अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए। त्रैमासिक परीक्षा परिणाम की समीक्षा के साथ टॉप-10 विद्यार्थियों के अक्टूबर माह के मासिक टेस्ट के प्राप्तांकों की तुलनात्मक समीक्षा करने को कहा गया।
ऑपरेशन 100 प्रतिशत की समीक्षा
बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए संचालित 'ऑपरेशन 100 प्रतिशत' की समीक्षा की गई। प्राचार्यों को अनुपस्थित विद्यार्थियों के पालकों से संपर्क कर उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। शिक्षकों के अवकाश को 10 प्रतिशत तक सीमित रखने तथा अधिकारियों एवं संकुल प्राचार्यों के मासिक विद्यालय निरीक्षण की भी समीक्षा हुई।
जर्जर भवनों में कक्षा संचालन पर रोक
विद्यालयों के जर्जर भवनों की स्थिति, मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्था पर चर्चा की गई। जर्जर भवनों में कक्षा संचालन नहीं करने, बालक-बालिका शौचालयों की उपलब्धता एवं उपयोगिता सुनिश्चित करने तथा अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता की जानकारी ली गई।
उत्कृष्ट कर्मचारियों और विद्यालयों को मिलेगा सम्मान
जिले से एक-एक उत्कृष्ट भृत्य, स्वीपर, रसोइया, रसोइया समूह, लिपिक एवं सीएसी का चयन किया जाएगा। चयनित कर्मचारियों को 26 जनवरी 2027 को सम्मानित करने की योजना है। इसके लिए बीईओ को 20 दिसंबर तक प्रस्ताव जमा करने तथा 10 जनवरी तक समिति गठित कर भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। वहीं उत्कृष्ट विद्यालय पुरस्कार के लिए एक-एक प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय का चयन कर 15 अगस्त 2027 को सम्मानित किया जाएगा।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों के भुगतान की भी समीक्षा
बैठक में VSK में दो माह से उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी की छायाप्रति जमा कराने के निर्देश दिए गए। 31 अक्टूबर 2026 तक सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वत्वों के भुगतान, 17 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों के फॉर्म-6 पंजीयन तथा लंबित भुगतान के कारणों की भी समीक्षा की गई।
वहीं 26 जनवरी 2027 के गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर सीमित स्वरूप में आयोजित करने और बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दूर रखने पर चर्चा हुई।
बैठक में बीईओ छुईखदान जी. सुधाकर, बीईओ खैरागढ़ नीलम राजपूत, सहायक बीईओ किशोरी लाल अमेला एवं अमेरिका देवांगन, बीआरसी सुजीत सिंह चौहान, प्राचार्य अनुराग सिंह, कमलेश्वर सिंह, सीताराम पाल, सीएसी ब्लॉक हेड कौशल सिंह राजपूत एवं प्रयाग सिंह सहित जिले के 77 प्राचार्य उपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्राचार्यों को निर्देशों के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए सामूहिक प्रयास करने को कहा।



