खैरागढ़. बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव और आगामी दिनों में अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले में 29 अक्टूबर, गुरुवार को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने आदेश जारी कर जिले के समस्त शासकीय और अशासकीय विद्यालयों को एक दिन के लिए बंद रखने के निर्देश दिए हैं। आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा। स्कूलों को 29 अक्टूबर को पूर्णतः बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इसके बावजूद यदि कोई विद्यालय संचालित होता पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
व्हाट्सऐप ग्रुप से मिलेगी अध्ययन सामग्री
विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विद्यार्थियों के पालक-व्हाट्सऐप ग्रुप में संबंधित विषय शिक्षकों के माध्यम से आवश्यक गृहकार्य अनिवार्य रूप से भिजवाएं। इससे विद्यार्थी घर पर रहकर अध्ययन कर सकेंगे और प्रतिकूल मौसम के प्रभाव से सुरक्षित रहेंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी ने मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, लोक शिक्षण संचालनालय, जिला कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग दुर्ग, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और जिले के सभी प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।


