खैरागढ़. खैरागढ़-लांजी मार्ग पर ग्राम पांडादाह में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक में पीछे बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।


मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम साल्हेवारा निवासी पिंटू पटेल (23 वर्ष), पिता अमरूद पटेल और बसंत पटेल (20 वर्ष) बाइक से पांडादाह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में खून की जांच कराने जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 10:30 बजे खैरागढ़ की ओर से आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक CG 17 KS 9511 और उनकी बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे पिंटू पटेल के सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके साथ बाइक पर सवार बसंत पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बसंत पटेल को तत्काल पांडादाह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहीं, मृतक पिंटू पटेल के शव को खैरागढ़ शवगृह लाया गया, जहां पंचनामा कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इधर, दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।



