खैरागढ़. जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालयों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। जिले के छह स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में 25 पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का परिणाम जारी कर दिया गया है। राज्य स्तर पर जारी विषयवार मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन 25 नवंबर को किया जाएगा। वहीं, विद्यालय आवंटन के लिए 27 नवंबर को काउंसलिंग आयोजित होगी। दोनों प्रक्रियाएं सेजेस कन्या खैरागढ़ में सुबह 10 बजे से शुरू होंगी।
जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर द्वारा सहायक शिक्षक के 13, शिक्षक के 6, व्याख्याता के 3, सहायक शिक्षक (प्रयोगशाला) के 2 तथा प्रधान पाठक (प्राथमिक) के 1 पद के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी। इस तरह कुल 25 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
दस्तावेज सत्यापन के लिए मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, शैक्षणिक अंकसूचियां और चयन के लिए निर्धारित अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। साथ ही दस्तावेजों की छायाप्रतियों के दो सेट और दो पासपोर्ट आकार के फोटो भी साथ लाना अनिवार्य किया गया है।
मेरिट के अनुसार मिलेगा विद्यालय चुनने का मौका
27 नवंबर को होने वाली काउंसलिंग में विद्यालयवार रिक्त पदों की सूची प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थियों को मेरिट क्रम के अनुसार उपलब्ध रिक्त पदों में से अपनी पसंद के विद्यालय का चयन करने का अवसर मिलेगा। विद्यालय चयन के बाद संबंधित अभ्यर्थी को सहमति पत्र देना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि एक बार विद्यालय का चयन कर लेने के बाद उसमें किसी प्रकार का बदलाव करने का अवसर नहीं दिया जाएगा।
काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कलेक्टर के अनुमोदन से पात्र चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि, समय और स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है। दस्तावेज सत्यापन अथवा काउंसलिंग में अनुपस्थित रहने की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अभ्यर्थी की होगी।



