खैरागढ़. कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर के दाऊचौरा स्थित महादेव घाट में एक बार फिर भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। गंगेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में कल शाम 6 बजे गंगा आरती एवं दीपदान का भव्य आयोजन किया जाएगा। हरिद्वार और काशी की तर्ज पर होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन समिति के सदस्य डॉ. अरुण भारद्वाज ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा पर महादेव घाट में गंगा आरती और दीपदान का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में नगरवासी और श्रद्धालु शामिल होंगे। दीपदान और मंत्रोच्चार के बीच होने वाली गंगा आरती आकर्षण का केंद्र रहेगी।
उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ नदियों की स्वच्छता और संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।



