खैरागढ़. कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली के पावन अवसर पर नगर के दाऊचौरा स्थित महादेव घाट में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। गंगेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में हरिद्वार और काशी की तर्ज पर तीसरे वर्ष भी भव्य गंगा आरती एवं दीपदान का आयोजन किया गया। दीपों की जगमगाहट और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।

आयोजन की तैयारियां कई दिन पहले से शुरू हो गई थीं। आयोजन समिति, समाजसेवी संस्थाओं और नगर पालिका प्रशासन की टीम ने घाट की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन कर परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया था। शाम 7 बजे दीपदान और नगर के प्रतिष्ठित म्यूजिकल ग्रुप 'कलाकारों की दुनिया' के सुमधुर भजनों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कलाकारों की सुरीली प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबो दिया। इसके बाद मंत्रोच्चार के साथ गंगा आरती प्रारंभ हुई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

कार्यक्रम में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, पूर्व विधायक खुज्जी छन्नी साहू, आरती रिंकू महोबिया, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, अय्यूब सोलंकी, चंद्रशेखर यादव, श्रुति यशेश सिंह, यशेश सिंह, गंगेश्वर मंदिर समिति के सुरेश ठाकुर, डॉ. अरुण भारद्वाज, केसर सेन, मनोहर सेन सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
नदियों को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी : विधायक
विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा आरती करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। गंगा हमारी मां हैं और उन्हें स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। नदियों में गंदगी नहीं डालनी चाहिए। नगर और नदियों को स्वच्छ रखना केवल जनप्रतिनिधियों की नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

आयोजन समिति के सदस्य डॉ. अरुण भारद्वाज ने गंगा आरती में शामिल होने वाले सभी नगरवासियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष इस आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था भी की गई थी।



