खैरागढ़. नगर पालिका चुनाव की सरगर्मी तेज होने के साथ ही राजनीतिक दलों ने जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बुधवार को नगर के सांस्कृतिक भवन में कांग्रेस द्वारा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जिला स्तरीय बैठक एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आगामी नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर उनके इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम में पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं एवं आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व खुज्जी विधायक छन्नी साहू ने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से भाजपा कांग्रेस समर्थक मतदाताओं और कार्यकर्ताओं के नाम मतदाता सूची से कटवा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे मतदाताओं के नामों का निरीक्षण करने और सूची में गड़बड़ियों पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने बढ़ते बिजली बिल का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को एक हजार रुपये दे रही है, लेकिन दूसरी ओर बिजली बिल में कई गुना वृद्धि कर आम जनता से अधिक राशि वसूल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ नगर पालिका चुनाव में जुटकर कांग्रेस को जीत दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ में यदि किसी को डराया-धमकाया जाता है तो घबराने और डरने की जरूरत नहीं है, कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है।

विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में मुस्लिम समाज के कांग्रेस समर्थक 20 से 25 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, जबकि अमलीपारा वार्ड में आत्मसमर्पित नक्सलियों के नाम जोड़ दिए गए हैं। उन्होंने नगर के मीराबाई चौक को हटाकर वहां अटल चौक स्थापित करने पर भी आपत्ति जताई। विधायक ने कहा कि नगर में विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 75 लाख रुपये दिए गए हैं, लेकिन अब तक उनका टेंडर जारी नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका में भाजपा अध्यक्ष ने इस आशंका से विकास कार्यों को रुकवा दिया कि इन कार्यों का राजनीतिक लाभ कांग्रेस को मिल सकता है। उन्होंने भाजपा पर लोकलुभावने वादों से जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन दिनों हर वार्ड में दीपावली मिलन समारोह आयोजित कर लोगों को पकवान खिलाकर लुभाने का प्रयास किया जा रहा है।
वोट चोरी के आरोपों को लेकर भाजपा पर बरसे दीपक बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने अपने संबोधन में भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पूरे देश में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार वोट चोरी के सहारे बनी है। राहुल गांधी ने भाजपा की इसी कथित साजिश का पर्दाफाश किया है। बैज ने कहा कि पहले भी एसआईआर की प्रक्रिया हुई है, लेकिन पहले कभी इतनी बड़ी संख्या में जीवित मतदाताओं के नाम नहीं काटे गए। जिन क्षेत्रों में कांग्रेस को लगातार जीत मिलती रही है, वहीं से मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े जाने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जहां बैलेट पेपर से चुनाव हुए, वहां कांग्रेस को जीत मिली। खैरागढ़ नगर पालिका का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली बार कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया था, लेकिन बाद में उन्हें डराकर भाजपा में शामिल करा लिया गया। उन्होंने भाजपा पर 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज सिलेंडर की कीमत एक हजार रुपये से अधिक हो चुकी है। गैस सिलेंडर से लेकर बिजली बिल और पेट्रोल तक हर चीज महंगी हो गई है।
बैज ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आने वाले नगर पालिका चुनाव में खैरागढ़ में कांग्रेस का अध्यक्ष बनाना है। भाजपा सरकार ने बेतहाशा बिजली बिल बढ़ाकर जनता को 440 वोल्ट का झटका दिया है, अब नगर पालिका चुनाव में भाजपा को हराकर उसे 1000 वोल्ट का झटका देना है।
17 महिलाओं ने थामा कांग्रेस का दामन

कार्यक्रम के दौरान खैरागढ़ नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों की 17 महिलाओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के समक्ष कांग्रेस का दामन थामा। बैज ने सभी महिलाओं को कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का स्वागत भाषण जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने दिया।

इस अवसर पर शाहिद खान, भुनेश्वर बघेल, धनेश पाटीला, छन्नी साहू, गिरवर जंघेल, शताक्षी सिंह, भागवत साहू, पदम कोठारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, मनराखन देवांगन, डॉ. अरुण भारद्वाज, सुनील पांडे, नीलेंद्र शर्मा, मोती जंघेल, मयूरी सिंह, आरती रिंकू महोबिया, अनुभा चंद्राकर, कविता जंघेल, विनीता जंघेल, गंगोत्री वर्मा, रामकुमार पटेल, संदीप सिरमौर, तेजराम वर्मा, मन्नू चंदेल, जफर हुसैन, ओमप्रकाश झा, नदीम मेमन, मनोहर सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



