खैरागढ़. छुईखदान विकासखंड के ग्राम पंचायत उदान के आश्रित ग्राम तेंदूभाठा में सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है।
विक्रांत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को रोक रखा था, जिसके कारण गरीब परिवारों का पक्के मकान का सपना अधूरा रह गया था।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद सबसे पहले ग्रामीण क्षेत्रों के 18 लाख लंबित आवासों को स्वीकृति प्रदान की गई। इससे साबित होता है कि भाजपा जो वादा करती है, उसे पूरा भी करती है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी पात्र हितग्राहियों के लिए आवास स्वीकृत किए जाएंगे, ताकि अब तक योजना के लाभ से वंचित परिवारों का पक्के मकान का सपना साकार हो सके।
भूमिपूजन कार्यक्रम में जैनेन्द्र जंघेल, दीना वर्मा, अशोक पाल, खेलन वर्मा, छत्रपाल सिंह लोधी, धनीराम लोधी, अमर सिंह, सुनील साहू और अवध राम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



