खैरागढ़. भारतीय जनता युवा मोर्चा छुईखदान की नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद नव नियुक्त पदाधिकारियों का परिचय एवं स्वागत कार्यक्रम जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने नई टीम को बधाई देते हुए संगठन विस्तार, जनसंपर्क और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि युवा मोर्चा भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ है और संगठन को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संगठन में दायित्व किसी व्यक्ति को उसके कार्य, व्यवहार, सक्रियता और समर्पण के आधार पर दिया जाता है। जो कार्यकर्ता निष्ठा और लगन से संगठन के लिए काम करता है, वही आगे बढ़कर नेतृत्व की भूमिका निभाता है।

उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें मिले अवसर का पूरा लाभ उठाते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कार्य करना चाहिए। विक्रांत सिंह ने कहा कि वर्तमान में केंद्र और राज्य दोनों स्थानों पर भाजपा की सरकार है, इसलिए युवा मोर्चा की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे पार्टी को अपना परिवार मानते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
मंडल भाजपा अध्यक्ष भावेश कोचर ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा मोर्चा पार्टी की ऊर्जा और शक्ति का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने युवाओं से संगठन के विस्तार और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा जैसे राष्ट्रवादी संगठन में युवा मोर्चा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि देशहित और समाजहित के लिए कार्य करने वाले संगठन से जुड़े हैं। कार्यकर्ताओं को संगठन के सिद्धांतों और मूल्यों के अनुरूप कार्य करना चाहिए।
जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू ने कहा कि छुईखदान युवा मोर्चा की नई टीम का गठन संगठन की मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे पार्टी के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य करेंगे और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो जिलाध्यक्ष आयश सिंह बोनी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शशांक ताम्रकार ने किया।
इस अवसर पर आनंद सिन्हा, आलोक श्रीवास, रोशन चंद्राकर, शुभम विश्वास, सूरज वर्मा, सन्नी महोबिया, रेखचंद जंघेल, दुष्यंत जंघेल, सूरज मंडावी, तुषार साहू, प्रकाश साहू, रवि चंद्राकर, अभिजीत चंद्राकर, लोमेश जंघेल, गौकरण साहू, राघवेंद्र जंघेल एवं कमलेश साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि युवा शक्ति ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और आगामी समय में युवा मोर्चा संगठन विस्तार, जनसंपर्क और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


