खैरागढ़. नगर की जीवनरेखा माने जाने वाले लालपुर स्टॉप डैम की दुर्दशा और गहराते जल संकट को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधि मंडल ने डैम का औचक निरीक्षण किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि स्टॉप डैम की ऊंचाई बढ़ाने के नाम पर एक करोड़ रुपये तो खर्च कर दिए गए, लेकिन धरातल पर नगरवासियों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है।

प्रशासन का आभार और फिर तीखा प्रहार
गौरतलब है कि बीते 15 मार्च को डॉ. भारद्वाज की अगुवाई में कांग्रेस ने डैम के क्षतिग्रस्त गेटों और भ्रष्टाचार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। मंगलवार को हुए निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने पाया कि प्रशासन ने क्षतिग्रस्त गेटों को दुरुस्त कर दिया है, जिसके लिए प्रतिनिधि मंडल ने सिंचाई विभाग और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। हालांकि, डैम के पूरी तरह सूखे होने और गंदगी के अंबार को देख कांग्रेसी नेताओं का पारा चढ़ गया।
करोड़ों खर्च, फिर भी प्यासा है शहर: डॉ. अरुण भारद्वाज

शहर अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने कड़े लहजे में कहा कि गर्मी के मौसम की अभी केवल शुरुआत हुई है और लालपुर स्टॉप डैम अभी से रेगिस्तान में तब्दील हो चुका है। उन्होंने कहा:
"जिस उद्देश्य से एक करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि खर्च कर डैम की ऊंचाई बढ़ाई गई थी, वह उद्देश्य पूरी तरह विफल साबित हुआ है। आज यहां एक बूंद पानी नहीं है, जिससे कई वार्डों में पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। न केवल इंसान, बल्कि मूक पशु भी पानी के लिए दर-दर भटक रहे हैं।"
गंदगी का साम्राज्य: पानी की जगह कचरे का ढेर

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि नदी के तल में पानी के स्थान पर पॉलीथिन, शराब की बोतलें और कचरा पटा हुआ है। कांग्रेस ने नगर पालिका और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग को घेरते हुए कहा कि स्वच्छता के दावों के बीच नदी की यह स्थिति प्रशासन की लापरवाही का जीता-जागता प्रमाण है।
प्रशासन की जिम्मेदारी तय हो: मनराखन देवांगन
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि पिछली बार गेटों की खराबी और गंदगी का मुद्दा उठाया गया था। प्रशासन ने गेट तो ठीक कर दिए, लेकिन जल प्रबंधन में पूरी तरह फेल रहा। करोड़ों रुपये के निवेश के बाद भी जनता का बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना नगरपालिका और पीएचई विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
कांग्रेस कमेटी ने दो टूक शब्दों में प्रशासन और को अल्टीमेटम दिया है कि यदि जल्द ही डैम में जलभराव सुनिश्चित नहीं किया गया और सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो शहर कांग्रेस कमेटी उग्र जन-आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
निरीक्षण में रहे मौजूद:
इस अवसर पर मुख्य रूप से नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, सूर्यकांत यादव, पूरन सारथी, महेश यादव, शेखर दास वैष्णव, यतेंद्र जीत सिंह, विनोद सिन्हा, हरिदर्शन, रतन सिंगी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।


