खैरागढ़. जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य विक्रांत सिंह के जन्मदिन के अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़ा प्रेरणादायी आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर की अगुवाई में भाजपा महिला नेत्रियों व जनप्रतिनिधियों ने नगर के दाऊचौरा स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों के बीच फल एवं दैनिक जीवन में उपयोग आने वाली आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया।

इस अवसर पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष नीलिमा गोस्वामी, पार्षद रेखा विकेश गुप्ता, देवीन कोठले, मोनिका रजक एवं गरिमा तिवारी ने वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। जनप्रतिनिधियों ने बुजुर्गों के साथ समय बिताते हुए उनका सम्मान किया तथा उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
आयोजन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को समाज सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए समर्पित करना भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठ परंपरा है। ऐसे आयोजनों से समाज में सेवा, संवेदना और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा मिलता है तथा नई पीढ़ी को भी सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा मिलती है।

वृद्धाश्रम के बुजुर्गों ने इस आत्मीय पहल के लिए सभी भाजपा नेत्रियों व जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का वातावरण अपनत्व और सम्मान की भावना से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है और भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।
विक्रांत सिंह के जन्मदिन पर आयोजित यह सेवा कार्यक्रम सामाजिक संवेदनशीलता और जनकल्याण के प्रति भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर सामने आया।





