खैरागढ़. केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ द्वारा नगर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला संयोजक मंजीत सिंह के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगर स्थित दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश की प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के बीच प्रसादी का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल को देश के विकास और परिवर्तन का महत्वपूर्ण दौर बताते हुए विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।

नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल, जनधन योजना तथा डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और सेवा के संकल्प के साथ देश को नई दिशा देने का कार्य किया है।

कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए इसे देश के विकास का स्वर्णिम काल बताया।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, तीरथ चंदेल, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, आलोक श्रीवास, शशांक ताम्रकार, शैलेन्द्र मिश्रा, विनय देवांगन, आशीष सिंह, चंदन गिरी गोस्वामी, ऋषभ सिंह, शैलेन्द्र वर्मा, नीलम सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रसादी वितरण एवं राष्ट्र की उन्नति की प्रार्थना के साथ हुआ।


