खैरागढ़. जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ दिया है। जिला पुलिस केसीजी द्वारा चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 11 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए, जिन पर माननीय न्यायालय ने कुल 1,35,000 रुपये का अर्थदंड लगाया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है। जांच के दौरान पकड़े गए चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उनके मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से कड़ी सजा दी गई।


इसके साथ ही, शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में 6 प्रकरणों को संबंधित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) भेजा गया है, ताकि दोषी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा सकें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला पुलिस द्वारा जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


