खैरागढ़. संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मंडल ठेलकाडीह द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया और उनकी स्मृति में 650 दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, भाजपा जिला महामंत्री शशांक ताम्रकार, प्रदेश भाजयुमो कार्यसमिति सदस्य एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष भोज बंजारे ने की। कार्यक्रम संयोजक भुवन वर्मा, सह संयोजक अर्जुन क्षत्रिय तथा मंशाराम बांधे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाज के लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान समाज की ओर से मंच निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर प्रदेश भाजयुमो कार्यसमिति सदस्य एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी ने मंच निर्माण के लिए ₹1 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उनकी घोषणा का उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया और समाज के प्रतिनिधियों ने इसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
डॉ. शैलेन्द्र त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा, "संत गुरु रविदास जी का जीवन समानता, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रेरणास्रोत है। समाज की आवश्यकताओं को पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है। मंच निर्माण के लिए दिया गया यह सहयोग सामाजिक गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाएगा।"
मुख्य अतिथि घम्मन साहू ने कहा, "संत रविदास जी ने जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकता, समरसता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करते हैं।"
जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू ने भी संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में भाईचारा, समानता और सद्भाव को और मजबूत करने का संकल्प लिया। श्रद्धा और आस्था के प्रतीक स्वरूप 650 दीप प्रज्ज्वलित कर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, सेवा और समरसता का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।


