खैरागढ़. खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास को बड़ी गति देते हुए छत्तीसगढ़ शासन ने 56 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले सड़क, पुल-पुलिया, जंक्शन सुधार और सिंचाई परियोजनाओं को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। यह उपलब्धि क्षेत्र की विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा के सतत प्रयासों और निरंतर अनुश्रवण का परिणाम मानी जा रही है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आधारभूत अधोसंरचना मजबूत होगी, आवागमन सुगम बनेगा और किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इन विकास कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेजे गए थे। अब प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से इन योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों का आवागमन सुरक्षित और सुगम बनेगा, मरीजों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आम जनता को समय पर इनका लाभ मिल सके।
स्वीकृत प्रमुख विकास कार्य
धनेली–देवारीभाठ गौठान–बढ़ईटोला मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 17.01 करोड़ रुपये।
भीमपुरी से बोरई पहुंच मार्ग के निर्माण हेतु 4.75 करोड़ रुपये।
गर्रा–बांधटोला–कोहका झोरी मार्ग के लिए 4.11 करोड़ रुपये।
राज्यमार्गों पर जंक्शन सुधार एवं क्रैश बैरियर निर्माण के लिए 1.87 करोड़ रुपये।
करमतरा से घुमर्रा मार्ग के लिए 3.75 करोड़ रुपये।
गंडई–पंडरिया व्याहा–दौजरी मार्ग (पुल-पुलिया सहित) के लिए 4.77 करोड़ रुपये।
खैरागढ़ टाउन मार्ग (नाली निर्माण सहित) के लिए 4.69 करोड़ रुपये।
दाऊचौरा–खैरागढ़–ढारा मार्ग के लिए 2.71 करोड़ रुपये।
कांशीटोला से ढाप मार्ग के निर्माण हेतु 3.29 करोड़ रुपये।
कामठा से हरदी पहुंच मार्ग के लिए 2.36 करोड़ रुपये।
विकासखंड छुईखदान की सूरही नदी पर एनीकट-कम-कॉजवे निर्माण के लिए 10.13 करोड़ रुपये।
विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, लोक निर्माण मंत्री अरुण साव तथा जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के विकासोन्मुखी दृष्टिकोण के कारण खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगातार आधारभूत विकास कार्यों को मंजूरी मिल रही है, जिससे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाया कि जनहित सर्वोपरि है और प्रत्येक गांव तक सड़क, सिंचाई तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए उनका प्रयास भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।


