खैरागढ़. दीपावली की शाम खैरागढ़-डोंगरगढ़ मुख्य मार्ग पर ग्राम घोटिया और टोलागांव के बीच सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। युवक की पहचान सूत्रों के अनुसार ग्राम मासूल निवासी धर्मेंद्र पाल के रूप में हुई है। घटनास्थल के पास ही उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 AT 5612 भी बरामद हुई है। इसके अलावा शव के नजदीक एक ज्वेलरी शॉप की रसीद और बैग भी मिला है, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे कुछ लोगों ने युवक को मुख्य मार्ग के किनारे बैठे देखा था। ग्रामीणों ने जब उससे हालचाल पूछा तो उसने खुद को नाचा पार्टी से जुड़ा होना बताया। युवक ने कहा कि रात में कार्यक्रम होने के कारण उसकी नींद पूरी नहीं हुई है, इसलिए वह कुछ देर सड़क किनारे बैठा है। ग्रामीणों ने उसे पानी पिलाया और फिर वहां से चले गए।

शाम को जब ग्रामीण दोबारा उसी रास्ते से गुजरे तो युवक उसी स्थान पर बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद जब उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तो ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद 112 और खैरागढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पंचनामा कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। मौत की असली वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगी। दीपावली के दिन हुई इस घटना से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।




