खैरागढ़. नगर पालिका क्षेत्र के हृदय स्थल कहे जाने वाले वार्ड क्रमांक 7 गोलबाजार में भाजपा की ओर से दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। वार्ड पार्षद अजय जैन की अगुवाई में बाफना भवन में आयोजित इस समारोह में भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह थे। उनके साथ प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा नंद चंद्राकर और शहर मंडल अध्यक्ष दिनेश वर्मा सहित अनेक भाजपा नेता शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि गोलबाजार वार्ड के लोगों ने किसी भी चुनाव में भाजपा को निराश नहीं किया है। उन्हें विश्वास है कि नगर के विकास के लिए भी वार्डवासी भाजपा को अवसर देंगे। उन्होंने विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभा में जो कड़ी टूट गई थी, उसे जोड़ने का अवसर अब नगर पालिका चुनाव के रूप में आया है। राज्य में भाजपा की सरकार है, ऐसे में नगर पालिका में भी भाजपा की सरकार बनने से विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कांग्रेस विधायक पर क्षेत्र में विकास कार्य नहीं कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भी नगर पालिका में भाजपा की जीत महत्वपूर्ण है। जब नगर पालिका अध्यक्ष और विधानसभा में भाजपा का प्रतिनिधित्व होगा, तभी क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो सकेगा।

विक्रांत सिंह ने वार्ड की सामाजिक सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के दौरान लोगों की सेवा करने में इस वार्ड की युवा और वरिष्ठजनों की टीम सबसे आगे रही। यहां के युवा रक्तदान शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करते हैं, वहीं गर्मी के दिनों में लोगों को निःशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं। उन्होंने वार्डवासियों से आगामी नगर पालिका चुनाव में पार्षद पद के साथ नगर पालिका अध्यक्ष के लिए भी भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

गौरतलब है कि गोलबाजार नगर का प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र है और राजनीतिक दृष्टि से भी भाजपा के लिए महत्वपूर्ण वार्ड माना जाता है। यहां से भाजपा लगातार पार्षद चुनाव जीतती रही है। ऐसे में आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा इस वार्ड में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने के लिए पूरी ताकत लगा रही है।

कार्यक्रम में विकेश गुप्ता, संजय शर्मा, शैलेन्द्र मिश्रा, विनय देवांगन, रूपेंद्र रजक, सुमित टांडिया, गोरेलाल वर्मा, आयश सिंह, शशांक ताम्रकार, ऋषभ सिंह, डोरेलाल साहू, अय्यूब सोलंकी, नीलिमा गोस्वामी, कपिल बैद, मंजीत सिंह, अनीश सिंह, धर्मेंद्र सांखला, महेश गोस्वामी, चंदन गोस्वामी, विनय चोपड़ा, नंद चंद्राकर और वैभव लुनिया, गरिमा तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं वार्डवासी उपस्थित रहे। अंत में वार्ड के वरिष्ठ नागरिक गुलाब छाजेड़ ने आभार प्रदर्शन किया।



