खैरागढ़. राज्य शासन के निर्देशानुसार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के छुईखदान विकासखंड में 16 नवंबर से नेत्र सुरक्षा अभियान शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 21 नवंबर तक संचालित होगा। इसके तहत पूरे छुईखदान ब्लॉक सहित प्रधानमंत्री जनमन योजना के क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की नेत्र चिकित्सा टीम गांव-गांव पहुंचकर लोगों की आंखों की जांच करेगी और नेत्र रोगों की पहचान कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श देगी।
कलेक्टर एवं जिला दृष्टिहीनता एवं अल्प दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल शुक्ला के निर्देश पर बीएमओ डॉ. मनीष बघेल एवं जिला सहायक नोडल अधिकारी अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम श्रीमती दुर्गेशनंदिनी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में अभियान संचालित किया जाएगा। इसमें जिले के समस्त नेत्र चिकित्सक एवं नेत्र चिकित्सा सहायक अधिकारी अपनी सेवाएं देंगे। जटिल नेत्र रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर निदान एवं उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था भी की गई है।
अभियान के दौरान नेत्र परीक्षण केंद्रों पर मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं स्कूली बच्चों एवं प्रेसबायोपिया (दृष्टिदोष) से प्रभावित मरीजों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए जाएंगे। विशेष रूप से 50 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, स्कूली छात्र-छात्राओं तथा आंखों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या से जूझ रहे लोगों से नजदीकी नेत्र परीक्षण केंद्र पहुंचकर अभियान का लाभ उठाने की अपील की गई है।
पहले से शुरू कर दी गईं तैयारियां
अभियान को सफल बनाने के लिए एक सप्ताह पूर्व ही आवश्यक बैठक, रूट चार्ट तैयार करने, मैदानी स्तर पर प्रचार-प्रसार सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी श्री विनय रामटेके, बीपीएम श्री बृजेश ताम्रकार, बीईटीओ श्री आरपी गढ़वाल एवं श्री केपी साहू के समन्वय से तैयारियां की जा रही हैं। इसमें सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सकों, सेक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, आरएचओ, एएनएम, मितानिन समन्वयक, मितानिन ट्रेनर, मितानिनों एवं अन्य स्वयंसेवियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के लोगों से अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी आंखों की जांच कराने की अपील की है।



