खैरागढ़. छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का आगाज 15 नवंबर से हो गया है। इसी कड़ी में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले में भी धान खरीदी की शुरुआत हुई। इस खरीफ विपणन वर्ष में जिले के लिए 4 लाख 20 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों को राहत देने के उद्देश्य से इस बार जिले में धान उपार्जन केंद्रों की संख्या 39 से बढ़ाकर 72 कर दी गई है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से काफी हद तक निजात मिलेगी।

जिले में धान खरीदी का शुभारंभ नवीन धान खरीदी केंद्र देवारीभांट से किया गया। शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी विक्रांत सिंह, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लखन साहू, परमानंद वर्मा, चालक वर्मा, जगेसर वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान उपस्थित रहे।

समिति प्रबंधक महेंद्र साहू ने बताया कि देवारीभांट उपार्जन केंद्र में कुल 734 किसान पंजीकृत हैं। केंद्र के लिए 45,202 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शुभारंभ के अवसर पर पांच किसानों से कुल 161 क्विंटल 20 किलो धान की खरीदी की गई।

इस दौरान कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने किसानों को धान खरीदी प्रक्रिया और शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पूर्व में धान की उपज के आधार पर बोनस की राशि मिलती थी, जिससे कई किसानों को नुकसान उठाना पड़ता था। लेकिन सरकार ने क्रांतिकारी निर्णय लेते हुए अब रकबे के आधार पर बोनस देने की व्यवस्था की है। उन्होंने किसानों से एग्रीस्टेक पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने और बैंक खातों की केवाईसी पूरी कराकर रखने की अपील की, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी विक्रांत सिंह ने कहा कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार किसानों को धान की सबसे अधिक राशि दे रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद पहली बार कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत ऐसे किसानों को भी लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश अपना पूरा धान नहीं बेच पाते। उनके खातों में भी योजना के तहत राशि पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि पहले खेत में धान की उपज कम होने पर किसानों को दूसरे किसानों से धान की व्यवस्था करनी पड़ती थी, लेकिन अब कम उत्पादन होने के बावजूद किसानों को बोनस का लाभ मिलेगा।

विक्रांत सिंह ने कहा कि देवारीभांट, धनेली और भरदाकला के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग को ध्यान में रखते हुए यहां नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू किया गया है। इससे इन गांवों के किसानों को अब धान बेचने के साथ ही खाद और बीज खरीदने के लिए भी लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। नवीन केंद्र की शुरुआत से क्षेत्र के किसानों को समय और परिवहन खर्च दोनों में राहत मिलेगी।

इस तरह जिले में 72 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही प्रशासन ने किसानों को सुविधाजनक और सुगम खरीदी व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ाया है।



