खैरागढ़. छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से हो गई है। इसी कड़ी में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में भी धान खरीदी का आगाज हुआ। इस वर्ष जिले में 4 लाख 20 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में धान उपार्जन केंद्रों की संख्या 39 से बढ़ाकर 72 कर दी गई है। यानी इस वर्ष 33 नए खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी।
इसी क्रम में सेवा सहकारी समिति अमलीपारा में धान खरीदी का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में पार्षद विनय देवांगन, रूपेंद्र रजक, अजय जैन, देवीन कोठले, शैलेन्द्र वर्मा, कमलेश कोठले, नंद चंद्राकर, हर्षवर्धन वर्मा, समिति प्रबंधक एवं अध्यक्ष देवकरण वर्मा सहित खरीदी केंद्र के कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने पूजा-अर्चना कर धान खरीदी की शुरुआत की।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने कहा कि जिले में पहले 39 धान खरीदी केंद्र संचालित थे, लेकिन इस वर्ष 33 नए केंद्र स्थापित होने से किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद संतोष पांडेय एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
किसानों को बोनस व्यवस्था की जानकारी देते हुए गिरजा नंद चंद्राकर ने कहा कि पहले एक एकड़ में 21 क्विंटल धान की उपज होने पर ही बोनस राशि का लाभ मिलता था। कम उत्पादन होने की स्थिति में कई किसानों को दूसरे किसानों या कोचियों से धान की व्यवस्था करनी पड़ती थी। लेकिन छत्तीसगढ़ की संवेदनशील विष्णुदेव साय सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अब उपज के बजाय रकबे के आधार पर बोनस देने की व्यवस्था की है। इसका मतलब है कि यदि किसी किसान के खेत में एक एकड़ में 21 क्विंटल से कम धान की पैदावार होती है, तब भी उसे बोनस राशि का लाभ मिलेगा।



