खैरागढ़. अखिल भारतीय वैष्णव सेवासंघ की मुंबई शाखा रायपुर के तत्वावधान में वृंदावन हॉल रायपुर में वैष्णव समाज का दीपावली मिलन समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। भगवान श्री लक्ष्मीनारायण की आरती एवं पूजा-अर्चना के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर समाज की संगठनात्मक एकजुटता, सामाजिक सेवा, युवा पीढ़ी की भागीदारी और आगामी अयोध्या अधिवेशन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

समारोह के मुख्य अतिथि सेवासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णुदत्त जी जयपुर रहे, जबकि अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राकेश वैष्णव रिसदा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुलाल बैरागी भोपाल, श्री वैष्णव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र दाउ, महेन्द्र वैष्णव, रानी अंजना वैष्णव लोरमी, प्रज्ञा निर्वाणी बेमेतरा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल जेके वैष्णव, राघवेन्द्र वैष्णव एवं ईशान वैष्णव बलौदाबाजार उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान वैष्णव समाज की संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने तथा समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए सेवासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल जेके वैष्णव को राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णुदत्त जी एवं प्रदेश अध्यक्ष राकेश वैष्णव रिसदा ने श्रीफल, स्मृति चिह्न एवं मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया। इस सम्मान को समारोह का प्रमुख आकर्षण माना गया।

कार्यक्रम का संचालन महासचिव रजनीश वैष्णव ने किया। उन्होंने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आगामी अयोध्या अधिवेशन की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णुदत्त जी जयपुर ने देशभर के वैष्णव समाज के लोगों से अयोध्या अधिवेशन में सहभागिता के लिए पंजीयन कराने की अपील की। साथ ही अधिवेशन की स्मारिका के प्रकाशन में समाजजनों से सहयोग देने का आग्रह किया।
प्रदेश अध्यक्ष राकेश वैष्णव रिसदा ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती और सामाजिक एकजुटता पर बल दिया। उन्होंने अयोध्या अधिवेशन के लिए 51 हजार रुपये सहयोग देने की घोषणा की। वहीं राघवेन्द्र वैष्णव ने एक लाख रुपये तथा डॉ. सौरभ निर्वाणी ने भी अधिवेशन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र दाउ सुन्दरा ने ओजस्वी संबोधन में युवा पीढ़ी को वैष्णव परंपरा और संस्कारों के अनुरूप शिक्षित होने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को राजनीति के माध्यम से जनप्रतिनिधि बनकर समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। रानी अंजना देवी वैष्णव लोरमी ने महिला सशक्तिकरण पर विचार रखते हुए सामाजिक गतिविधियों में महिलाओं की बढ़ती सक्रियता पर प्रसन्नता व्यक्त की। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुलाल बैरागी ने भी अयोध्या अधिवेशन की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। ईशान वैष्णव ने युवाओं से सामाजिक संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रजनीश वैष्णव, मंजू वैष्णव, कविता वैष्णव, आशा वैष्णव, अनुष्ठा वैष्णव, वैभव वैष्णव, चिंतामणि वैष्णव, डॉ. तोयनिधि वैष्णव, अर्जुन वैष्णव, राधेरमण वैष्णव, देवकुमार निर्वाणी, शिव वैष्णव, चन्द्रशेखर वैष्णव, विश्वास वैष्णव रामजी एवं रामकुमार वैष्णव को श्रीफल, स्मृति चिह्न एवं मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया।
समारोह में लतारानी वैष्णव, शालिनी वैष्णव, सुनीता वैष्णव, पूर्णिमा वैष्णव, अनन्या वैष्णव, कमलेश वैष्णव, संतोष वैष्णव, गजेन्द्र वैष्णव, साकेत निर्वाणी, ज्ञानेश्वर वैष्णव एवं सुरेन्द्र बैरागी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। अंत में डॉ. सौरभ निर्वाणी बेमेतरा बाड़ा रायपुर ने आभार व्यक्त करते हुए सभी वैष्णवजनों से अयोध्या अधिवेशन में शामिल होने और आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की। समारोह की जानकारी संजय वैष्णव, मीडिया प्रभारी ने दी।



