खैरागढ़. प्रदेश भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली जिला कार्यशालाओं के लिए जिला प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इसके तहत खैरागढ़ नगर पालिका के सभापति एवं पार्षद सुमित टांडिया को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का प्रभारी नियुक्त किया गया है।

प्रदेश भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से यह नियुक्ति 4 नवंबर से 6 नवंबर 2026 तक आयोजित जनजाति गौरव दिवस जिला कार्यशाला के सफल आयोजन के उद्देश्य से की गई है। इस दौरान संबंधित जिलों में कार्यशालाओं के माध्यम से जनजाति गौरव दिवस से जुड़े कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर आवश्यक तैयारियां की जाएंगी।

सुमित टांडिया को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का प्रभारी बनाए जाने की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। उनकी नियुक्ति पर खैरागढ़ सहित जिलेभर के भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस जिम्मेदारी को लेकर राजनीतिक एवं संगठनात्मक हलकों में भी चर्चा है।




