खैरागढ़. छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत 15 नवंबर से हो गई है। इसी कड़ी में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में भी धान खरीदी का आगाज हुआ। इस वर्ष जिले में कुल 4 लाख 20 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों को राहत देने के उद्देश्य से जिले में धान उपार्जन केंद्रों की संख्या 39 से बढ़ाकर 72 कर दी गई है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिलेगी।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत दिलीपपुर में नवीन धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, क्षेत्र के जनपद सदस्य शैलेन्द्र मिश्रा शामिल हुए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच, समिति प्रबंधक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रभारी विक्रांत सिंह ने कहा कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार किसानों को धान की सबसे अधिक राशि दे रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद पहली बार कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत ऐसे किसानों को भी लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश अपना पूरा धान नहीं बेच पाते। उनके खातों में भी योजना के तहत राशि पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि पहले खेत में धान की उपज कम होने पर किसानों को दूसरे किसानों से धान की व्यवस्था करनी पड़ती थी, लेकिन अब कम उत्पादन होने के बावजूद किसानों को बोनस का लाभ मिलेगा।

शुभारंभ अवसर पर शैलेन्द्र मिश्रा ने नवीन धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद संतोष पांडेय एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों का समय और परिवहन खर्च बचेगा तथा धान खरीदी की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक होगी।
दिलीपपुर में नए धान खरीदी केंद्र की शुरुआत को क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है।



