रायपुर. आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी रणनीति को धार देने और नगरीय निकायों में पार्टी की मजबूत स्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने प्रदेश चुनाव टोली की नियुक्ति की है। गठित टोली में पार्टी के कई वरिष्ठ एवं अनुभवी नेताओं को शामिल कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रदेश चुनाव टोली में प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त भूपेन्द्र सवन्ने, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त सौरभ सिंह, प्रदेश संयोजक नगरीय निकाय प्रकोष्ठ किशोर राय, छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल विश्वकर्मा तथा कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा को शामिल किया गया है।
वहीं, पदेन सदस्यों के रूप में प्रदेश आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी और प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही को जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा की इस नियुक्ति को आगामी नगरीय निकाय चुनावों की दृष्टि से महत्वपूर्ण संगठनात्मक कदम माना जा रहा है। अनुभवी राजनीतिक नेतृत्व के साथ आईटी, सोशल मीडिया और मीडिया टीम को जोड़कर पार्टी ने चुनावी प्रबंधन, प्रचार-प्रसार और संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने की दिशा में तैयारी शुरू कर दी है।





