खैरागढ़. खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के खैरागढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव कंवर में सरपंच के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव आखिरकार गिर गया। सोमवार को प्रशासन द्वारा गठित टीम की मौजूदगी में अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया गया, जिसमें वर्तमान सरपंच ने बहुमत हासिल करते हुए अपनी कुर्सी बचा ली।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत नवागांव कंवर के पंचों ने सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए खैरागढ़ एसडीएम कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार मतदान की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए टीम गठित की। सोमवार को गठित टीम अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत पहुंची, जहां अधिकारियों की मौजूदगी में अविश्वास प्रस्ताव पर चुनाव संपन्न कराया गया।
मतदान में ग्राम पंचायत के सभी 10 वार्डों के पंचों सहित सरपंच ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 11 मतों में से वर्तमान सरपंच के पक्ष में 6 मत पड़े, जबकि अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में 5 मत प्राप्त हुए। इस तरह अविश्वास प्रस्ताव आवश्यक बहुमत हासिल नहीं कर सका और प्रस्ताव गिर गया। परिणामस्वरूप वर्तमान सरपंच अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहे।
पीठासीन अधिकारी नेहा ध्रुव ने दी जानकारी
मतदान प्रक्रिया के दौरान पीठासीन अधिकारी के रूप में मौजूद तहसीलदार नेहा ध्रुव ने बताया कि ग्राम पंचायत नवागांव कंवर के पंचों द्वारा एसडीएम कार्यालय खैरागढ़ में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए आवेदन दिया गया था। इसी के तहत सोमवार को मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। मतदान के परिणाम में वर्तमान सरपंच की जीत हुई और अविश्वास प्रस्ताव गिर गया।



