खैरागढ़. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर भाजपा द्वारा 11 से 18 नवंबर तक राष्ट्रव्यापी जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। आयोजन की जानकारी देने जिला भाजपा कार्यालय पिपरिया में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर उपस्थित रहे।
ठाकुर ने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देश के 240 आदिवासी बहुल जिलों और 568 विधानसभा क्षेत्रों में एक हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनियां और खेल प्रतियोगिताएं शामिल होंगी। जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान के साथ केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि प्रदान करने के साथ उसके सर्वांगीण विकास के प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा ने ओडिशा और छत्तीसगढ़ में आदिवासी मुख्यमंत्री तथा देश में आदिवासी राष्ट्रपति बनाने का काम किया है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ठाकुर ने आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने आदिवासी समाज को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया और उसे केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक नकली आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाया था। उनका इशारा पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की ओर था। ठाकुर ने दावा किया कि भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गठित उच्चस्तरीय छानबीन समिति ने वर्ष 2019 में अजीत जोगी के आदिवासी होने के दावे को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा कि भाजपा में ऐसा नहीं है और पार्टी के सभी आदिवासी जनप्रतिनिधि वास्तविक आदिवासी हैं।
पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, अनिल अग्रवाल, विकेश गुप्ता, विनय देवांगन, सुमित टांडिया, आयश सिंह, अनीश सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




