खैरागढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का प्रसारण रविवार 26 जुलाई को सुबह 11 बजे हुआ। इस अवसर पर देशभर के साथ खैरागढ़ में भी भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम का श्रवण किया। वार्ड क्रमांक 11 किल्लापारा में पार्षद एवं सभापति रूपेंद्र रजक के निवास पर झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मंजीत सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने शहीद जवानों के बलिदान को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका, युवा शक्ति और सामाजिक नवाचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की।

इस अवसर पर पार्षद एवं सभापति रूपेंद्र रजक, चंदन गोस्वामी, कुलेश्वर सिन्हा, जितेंद्र श्रीवास्तव, मुंडू सोनी, राजेश यादव, राजू यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मंजीत सिंह ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल प्रधानमंत्री का संवाद कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। कारगिल के वीर शहीदों को नमन करते हुए हमें उनके त्याग और साहस से प्रेरणा लेकर देशहित में अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। प्रधानमंत्री द्वारा युवाओं, सामाजिक नवाचार और जनभागीदारी पर दिया गया संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग को सकारात्मक दिशा देने वाला है।


