खैरागढ़/साल्हेवारा. साल्हेवारा क्षेत्र के कोपरो गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चों की उम्र करीब 5 से 6 वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, कोप्रो गांव में गुरुवार को दोपहर करीब 2:30 बजे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि दो मासूम बच्चे तालाब में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बच्चों को तालाब से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृत बच्चों की पहचान युग, पिता खेलावन श्रीवास तथा सूर्या, पिता दिनेश पटेल के रूप में हुई है। दोनों बच्चों की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूमों की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल तथा पीड़ित परिवारों के घर पहुंचने लगे।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने गांव में हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। दो मासूम जिंदगियों के यूं अचानक खत्म होने से परिवार के साथ पूरा गांव गमगीन है।




