खैरागढ़. पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं छत्तीसगढ़ के निर्माता स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर जिला भाजपा केसीजी द्वारा जिला भाजपा कार्यालय पिपरिया में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के संयोजक तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने अटल जी के जीवन, उनके राजनीतिक सफर, राष्ट्रसेवा और देशहित में किए गए कार्यों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने भारतीय राजनीति में सिद्धांत, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी देश के ऐसे जननेता थे, जिन्होंने राजनीति को सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया। उन्होंने अपने विचारों, दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से देश को नई दिशा दी। डॉ. साहू ने कहा कि अटल जी के आदर्शों और सिद्धांतों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन देश के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने कठिन राजनीतिक परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनकी ओजस्वी वाणी, संवेदनशील व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने उन्हें देशवासियों के दिलों में विशेष स्थान दिलाया। उन्होंने कहा कि अटल जी के विचार और आदर्श सदैव समाज एवं युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता नगर के अटल चौक पहुंचे। यहां स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “अटल बिहारी वाजपेयी अमर रहें” के नारे लगाए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह, जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, गिरजा चंद्राकर, चंद्रशेखर यादव, नीलिमा गोस्वामी, विनय देवांगन, देवीन कोठले, कीर्ति वर्मा, मोनिका रजक, ऋषभ सिंह, विक्रांत चंद्राकर, प्रेम सागर गुप्ता, चंदन गोस्वामी, गरिमा तिवारी, महेश गोस्वामी, शिवांश बहादुर सिंह, नंद चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


