खैरागढ़. जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए खैरागढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में गुरुवार 9 जुलाई 2026 को थाना खैरागढ़ क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर सार्वजनिक शांति भंग करने और उपद्रव करने वाले दो युवकों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, थाना खैरागढ़ क्षेत्र से सूचना मिली थी कि दो अलग-अलग स्थानों पर कुछ लोग उपद्रव कर रहे हैं और उनके कारण क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। सूचना मिलते ही थाना खैरागढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जांच के दौरान बरेठपारा, खैरागढ़ निवासी मनीष यादव (26 वर्ष), पिता अशोक यादव तथा ग्राम सलिहा निवासी गोकुल जंघेल (26 वर्ष), पिता देवदास जंघेल द्वारा सार्वजनिक शांति भंग किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने दोनों को समझाइश देकर शांत रहने की सलाह दी, लेकिन उनके उग्र व्यवहार और दोबारा विवाद उत्पन्न करने की आशंका को देखते हुए कार्रवाई आवश्यक समझी गई।
इसके बाद पुलिस ने दोनों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 तथा धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। आमजन से अपील की गई है कि आपसी विवाद, नशाखोरी तथा सार्वजनिक शांति भंग करने वाली गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त एवं विधिसम्मत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


