खैरागढ़. देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने खैरागढ़ ब्लॉक के ग्राम सलौनी स्थित शासकीय हाई स्कूल में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और तिरंगे के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।

ध्वजारोहण के बाद विधायक श्रीमती वर्मा ने उपस्थित जनसमूह, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर सेनानियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके त्याग एवं संघर्ष को याद किया।

अपने संबोधन में विधायक ने विद्यार्थियों और युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का उत्साह नजर आया।




