खैरागढ़. ग्राम कोटरा में आयोजित यादव महिला सम्मान एवं परिचय सम्मेलन सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक परंपराओं और महिला सशक्तिकरण का सशक्त मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं विधायक श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने समाज की महिलाओं एवं प्रतिभावान छात्राओं का सम्मान कर उनके आत्मविश्वास को नई दिशा दी।
सम्मेलन में पारंपरिक राउत नाचा और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्ति और उत्साह से सराबोर कर दिया। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे महिला-पुरुषों की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

इस अवसर पर विधायक वर्मा ने यादव समाज भवन निर्माण के लिए ₹5 लाख की घोषणा करते हुए कहा कि समाज के लिए स्थायी अधोसंरचना का निर्माण सामूहिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम की संयोजक रंजीता यादव द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र को मंच से ही स्वीकृति प्रदान कर उन्होंने अपने जनसंवेदनशील नेतृत्व का परिचय दिया।
अपने संबोधन में विधायक वर्मा ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सशक्त भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने महिलाओं को परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज की आधारशिला बताते हुए उनके उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता दोहराई। सम्मानित छात्राओं और महिलाओं को बधाई देते हुए उन्होंने इसे उनके परिश्रम का परिणाम बताया और अन्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
विधायक ने यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान राउत नाचा और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी परंपराओं के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही तथा समाज से एकजुट होकर शिक्षित, संगठित और सशक्त बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ईश्वर यादव, एवन यादव, रंजीता यादव, टिकेश्वरी यादव, अनिता यादव, केशरी यादव, गोमती बाई यादव, कलेन्द्री यादव, सीमा यादव, रामकली यादव, हिरिया यादव, आशा बाई यादव, लता बाई यादव सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


