खैरागढ़. सद्गुरु कबीर पारख सेवा संस्थान पिपरिया-खैरागढ़ की ट्रस्ट समिति, महिला समिति, प्रबंधन समिति तथा समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी के संयुक्त तत्वाधान में आगामी 07 एवं 08 फरवरी 2026 को दो दिवसीय सुखद सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन परमपूज्य राष्ट्रीय संत श्री असंग देव जी (श्री असंग देव तपोभूमि कबीरधाम, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश – नेपाल बॉर्डर) के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।

आयोजन समिति के अनुसार यह सत्संग कार्यक्रम संत कबीर साहेब के निर्गुण भक्ति दर्शन, सत्य, प्रेम और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक पिपरिया, खैरागढ़ (छत्तीसगढ़) में आयोजित होगा।
सत्संग के दौरान राष्ट्रीय संत श्री असंग देव जी द्वारा आध्यात्मिक प्रवचन, सद्गुरु कबीर साहेब के अमर उपदेशों की व्याख्या तथा सामाजिक समरसता, आत्मिक शांति और नैतिक मूल्यों पर मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक सोच, आपसी भाईचारा और सदाचार को बल मिलता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु ट्रस्ट समिति, महिला समिति, प्रबंधन समिति के साथ-साथ ग्राम एवं क्षेत्र के श्रद्धालु सक्रिय रूप से सहभागिता निभा रहे हैं। आयोजन समिति ने समस्त सत्संग प्रेमी आत्मीय जनों से सपरिवार एवं इष्ट मित्रों सहित उपस्थित होकर सत्संग का लाभ लेने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
क्षेत्र में इस दो दिवसीय कबीर सत्संग को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।




