खैरागढ़. छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट का स्वागत करते हुए जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा ने इसे खैरागढ़ और डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के लिए दूरदर्शी एवं विकासोन्मुखी बताया है। उन्होंने कहा कि केसीजी जिले के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 6 पांडादाह के लिए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
सभापति वर्मा ने बताया कि विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट में ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। पांडादाहा क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांगों को इस बजट में शामिल किया गया है, जो क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने जानकारी दी कि स्वीकृत कार्यों में मारुटोला में पुलिया निर्माण, चिचका–कुररूभाट पुलिया निर्माण, अमलीडीह कला से कुलिकसा तक मुख्यमंत्री सड़क निर्माण तथा कटंगी खुर्द में प्राथमिक शाला भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। ये परियोजनाएं ग्रामीण संपर्क, शिक्षा और आवागमन सुविधाओं को मजबूत करेंगी।
दिनेश वर्मा ने कहा कि ये सभी कार्य क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे और ग्रामीण जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बजट में क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित जिला पंचायत केसीजी अध्यक्ष प्रियंका खम्मम ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला भाजपा अध्यक्ष बिसेसर साहू, जनपद अध्यक्ष राजेश्री शैलेंद्र त्रिपाठी, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष धम्मन साहू एवं मंडल भाजपा अध्यक्ष पांडादाहा गोरेलाल वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट ग्रामीण विकास को नई गति देगा और क्षेत्र को मजबूत आधारभूत संरचना की दिशा में आगे बढ़ाएगा।




