खैरागढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा खैरागढ़ के अंबेडकर चौक के समीप तीन दिवसीय वृहद फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। 18 से 20 जून तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री विक्रांत सिंह ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन की उपस्थिति में किया।

प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को आकर्षक फोटो पैनलों और जानकारीपूर्ण प्रदर्शनों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी पहलों से अवगत कराना है।

प्रदर्शनी में कृषि क्षेत्र में हुए व्यापक सुधारों को विशेष रूप से दर्शाया गया है। इसमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रदान की गई आर्थिक सहायता, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के प्रयास तथा ई-नाम प्लेटफॉर्म के विस्तार जैसी पहलों को प्रमुखता दी गई है। इसके साथ ही आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने, रक्षा निर्यात में हुई वृद्धि और भारत की बढ़ती सामरिक क्षमता को भी प्रदर्शित किया गया है।

अधोसंरचना विकास से जुड़े प्रदर्शनों में चिनाब रेलवे ब्रिज, अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्गों के व्यापक विस्तार तथा वंदे भारत ट्रेनों जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को शामिल किया गया है। वहीं डिजिटल इंडिया अभियान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उपलब्धियां, महिला सशक्तिकरण, लखपति दीदी अभियान, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर, प्रधानमंत्री आवास योजना, निःशुल्क खाद्यान्न वितरण तथा देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जुड़े कार्यों को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी स्थल पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित वीडियो तथा दृश्य-श्रव्य सामग्री का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिससे आगंतुकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हो रही है। जनसंपर्क विभाग द्वारा आगंतुकों को ‘जनमन’ पत्रिका सहित सुशासन और विकास से संबंधित विभिन्न प्रकाशनों का भी वितरण किया जा रहा है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति अरुणा सिंह बनाफर, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, शशांक ताम्रकार, टी के चंदेल, उमा चौबे, रूपेंद्र रजक, प्रीति यादव, देवीन बाई कोठले, अय्यूब सोलंकी, महावीर जैन, गोरेलाल वर्मा, आलोक श्रीवास, कोमल वर्मा, मंजीत सिंह, केशव चंदेल, देवकुमार सेन, रेखचंद वर्मा, आनंद सिंह, नीलिमा राजपूत, यतीश साहू, वंदना टांडेकर साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आगंतुकों ने विभिन्न प्रदर्शनों का अवलोकन कर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की तथा विकास और सुशासन से जुड़े प्रयासों की सराहना की।


