खैरागढ़. महिलाओं की सुरक्षा और पुनर्वास सेवाओं को प्रभावी बनाने की दिशा में संयुक्त कलेक्टर सुमनराज ने सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, दर्ज प्रकरणों की स्थिति तथा पीड़ित महिलाओं को प्रदान की जा रही सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली।
संयुक्त कलेक्टर ने प्रकरणों के संधारण, दस्तावेजों की सुव्यवस्थित व्यवस्था और गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि संकटग्रस्त महिलाओं को विधिक सहायता, परामर्श, चिकित्सा सेवाएं तथा अस्थायी आश्रय जैसी सुविधाएं समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप पीड़ित महिलाओं को त्वरित राहत प्रदान करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाए। केंद्र के कर्मचारियों को जरूरतमंद महिलाओं को समुचित मार्गदर्शन देने और उनके पुनर्वास की प्रक्रिया को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान महिला सहायता सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और प्रत्येक पीड़ित महिला तक प्रभावी सहयोग पहुंचाने पर जोर दिया गया।



