खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी के स्थापना के 47 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश नेतृत्व के आवाह्न पर 7 से 12 अप्रैल तक चलाए जा रहे ‘गांव चलो अभियान’ के तहत भाजपा नेताओं ने ग्राम मंदराकुही पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया और जिन लोगों को योजनाओं का लाभ मिलने में समस्याएं आ रही थीं, उनका मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया। साथ ही गांव के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद भी लिया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं प्रदेश भाजयुमो कार्यसमिति सदस्य शैलेन्द्र त्रिपाठी, जिला पंचायत सभापति व मंडल अध्यक्ष दिनेश वर्मा, महामंत्री मंडल भाजपा ऋषभ सिंह, जनपद पंचायत सभापति शैलेन्द्र मिश्रा, डोरेलाल साहू सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मनोज सिन्हा, संगू सिन्हा, विसनाथ सिन्हा, धनेश्वर, कीर्तन लहरे, उत्तम सिन्हा, धनवा वर्मा, सुंदर सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर ग्राम पंचायत मंदराकुही के सरपंच प्रतिनिधि अजय पटवा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्य अतिथि शैलेन्द्र त्रिपाठी ने उन्हें पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर नेताओं ने कहा कि ‘गांव चलो अभियान’ के माध्यम से पार्टी सीधे जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान करने का कार्य कर रही है।



