खैरागढ़. जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कबाड़ से भरा टाटा मेटाडोर वाहन जब्त किया है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को थाना खैरागढ़ पुलिस को सूचना मिली कि दाऊचौरा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से कबाड़ सामान की खरीद-फरोख्त कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोहम्मद शबीर (30 वर्ष), पिता मोहम्मद फारुख, निवासी दाऊचौरा खैरागढ़ को टाटा मेटाडोर वाहन क्रमांक CG 07 C 4766 में कबाड़ सामान ले जाते हुए पकड़ा। जांच के दौरान आरोपी के पास कबाड़ की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
पुलिस ने मौके से कबाड़ सामग्री और मेटाडोर वाहन को जब्त कर लिया। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹2,15,000 आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बिना वैध दस्तावेज के अवैध रूप से कबाड़ सामान खरीदने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 35(3)(ई) बीएमएम तथा धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के सामान की खरीदी-बिक्री और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस तरह के अवैध कार्यों में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

