खैरागढ़. भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में 4 से 8 अप्रैल 2026 तक मध्यप्रदेश के पचमढ़ी स्थित राष्ट्रीय साहसिक संस्थान में आयोजित राज्य स्तरीय पर्वतारोहण, व्यक्तिगत विकास एवं आपदा प्रबंधन शिविर में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के स्काउट-गाइड्स ने शानदार प्रदर्शन किया। शिविर में जिले के 40 सदस्यीय दल ने भाग लिया, जिसमें 21 स्काउट, 15 गाइड, 2 स्काउटर एवं 2 गाइडर शामिल रहे।

राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा के निर्देशन तथा जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त स्काउट मुकुल साव के मार्गदर्शन में दल ने विभिन्न साहसिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। पांच दिवसीय शिविर के दौरान प्रतिभागियों को ट्रैकिंग के साथ-साथ आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक प्रशिक्षण दिए गए, जिनमें बाढ़, भूकंप और आगजनी जैसी आपदाओं से निपटने के तरीके सिखाए गए।

प्रतिभागियों ने राजेंद्र गिरी, मांडव गुफा, जटाशंकर गुफा मंदिर और बी फॉल जैसे प्राकृतिक स्थलों की ट्रैकिंग की। इसके साथ ही रॉक क्लाइंबिंग, रॉक रैपलिंग, बोटिंग, मंकी ब्रिज, ज़िप लाइन, स्काई साइक्लिंग, रस्सी गतिविधियां, तीरंदाजी, घुड़सवारी और रायफल शूटिंग जैसी रोमांचक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जहां छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान हुआ। इस दौरान विभिन्न वेशभूषा, भाषाओं और परंपराओं को जानने-समझने का अवसर मिला।
दल प्रभारी भूषण लाल वर्मा, पायल सिंह राजपूत, एस्टर रॉबिंसन एवं हेमलाल वर्मा के नेतृत्व में 36 स्काउट-गाइड्स का दल 9 अप्रैल को सकुशल खैरागढ़ लौट आया। जिले के भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संघ के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।



