खैरागढ़. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रतिवर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने परीक्षा को भय नहीं, बल्कि उत्सव की तरह मनाने का आह्वान करते हुए विद्यार्थियों को तनावमुक्त और उत्साह के साथ तैयारी करने के व्यावहारिक टिप्स दिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि परीक्षा जीवन का केवल एक पड़ाव है, इसे अपनी पहचान का पैमाना न बनाएं। समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और संतुलित दिनचर्या पर जोर देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पर भरोसा रखने की सलाह दी। उन्होंने अभिभावकों से अपेक्षा जताई कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उन्हें समझ और समर्थन दें।

‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में किया गया, जिसमें प्रदेश के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इसी क्रम में शासकीय हाई स्कूल अमलीपारा में भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें शासकीय माध्यमिक शाला व हाई स्कूल अमलीपारा दोनों विद्यालयों के समस्त छात्र–छात्राओं तथा पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन को प्रेरणादायक बताया और कहा कि इससे परीक्षा को लेकर उनका भय कम हुआ है। शिक्षकों ने भी इसे विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और आत्मबल को सशक्त करने वाला बताया। विद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे प्रेरक कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को जोड़ने की बात कही।


