रायपुर/खैरागढ़. छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ क्षेत्र से जुड़े भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता एवं नवीन शासकीय महाविद्यालय जालबांधा की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश साहू को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें पश्चिम बंगाल के हुगली जिले की चिंचुरा विधानसभा क्षेत्र में संगठन विस्तार के लिए नियुक्त किया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, जयप्रकाश साहू लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वर्तमान में वे भाजपा जिला संगठन में जिला संयोजक के रूप में कार्य कर रहे हैं और संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ युवाओं को पार्टी से जोड़ने में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है।
नए दायित्व के तहत वे चिंचुरा विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। साथ ही पार्टी के “एक बूथ–पांच यूथ” अभियान के माध्यम से युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और जनसंपर्क को सशक्त करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस जिम्मेदारी पर जयप्रकाश साहू ने पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन के मार्गदर्शन में वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए पश्चिम बंगाल में भाजपा संगठन को और मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।


