खैरागढ़. पवित्र त्योहार ईद के अवसर पर खैरागढ़ शहर में आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समाज के लोगों को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और शहर व प्रदेश में अमन-चैन, सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ईद केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण अवसर है, जो प्रेम, एकता और आपसी सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी मिलजुलकर रहें और समाज में भाईचारे की भावना को और मजबूत करें।
कार्यक्रम में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज, पूर्व सांसद प्रतिनिधि एवं विधायक प्रतिनिधि कपिनाथ महोबिया, सूर्यकांत यादव, रविंद्र गहरवार, जफर उल्लाह खान, नसीर मेमन, नदीम मेमन, राजा सोलंकी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की खुशियां साझा कीं, जिससे पूरे माहौल में सौहार्द और अपनत्व की भावना झलकती रही।

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती गई। खैरागढ़ थाना प्रभारी अनिल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा, जिसके चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
डॉ. अरुण भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि ईद का पर्व हमें प्रेम और भाईचारे के साथ रहने की प्रेरणा देता है। हमें समाज में एकता बनाए रखते हुए शहर और प्रदेश की तरक्की के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। वहीं कपिनाथ महोबिया ने कहा कि ऐसे पावन अवसर सामाजिक समरसता को मजबूत करने का काम करते हैं और हमें एक-दूसरे के करीब लाते हैं। उन्होंने सभी से मतभेद भुलाकर शांति और सद्भाव के साथ जीवन जीने की अपील की।
ईद के इस आयोजन ने खैरागढ़ में सामाजिक एकता और सौहार्द की एक सकारात्मक तस्वीर पेश की, जो वर्तमान समय में समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है।


